शुक्रवार को शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र के काला कुआं स्थित एक घर में एक्सरसाइज करने के दौरान 12 साल के बच्चे की फांसी का फंदा लगने से जान चली गई। पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि सौम्या कक्षा 7 का छात्र था। जो मार्शल आर्ट का खिलाड़ी था। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार बहरोड़ के हमीदपुर निवासी सौम्य (12) पुत्र हरी किशन यादव अपने माता-पिता के साथ काला कुआं स्थित मकान में किराए पर रहते था। बच्चे के माता-पिता दोनों शिक्षक है। जो गुरुवार की शाम राठ नगर स्थित अपने निर्माणाधीन मकान को देखने के लिए गए हुए थे। सौम्य घर पर अकेला था। इस दौरान एक्सरसाइज करते समय रस्सी में फंदा लगने के कारण सौम्य की गर्दन अटक गई। जब माता-पिता शाम को घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि सौम्य रस्सी पर लटका हुआ है। वह तुरंत बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।